पटना: राष्ट्रीय जनता दल (राजद) सुप्रीमो लालू प्रसाद यादव की सिंगापुर में रहने वाली बेटी रोहिणी आचार्य और उनके मायके के बीच चल रही कलह एक बार फिर सार्वजनिक होती दिखी है। सोशल मीडिया पर सक्रिय रहने वाली रोहिणी आचार्य ने बिना नाम लिए तेजस्वी यादव पर इशारों में फिर हमला बोला है।
रोहिणी आचार्य ने अपने सोशल मीडिया पोस्ट में लिखा—
“जिस्मानी जख्म से भी दर्द होता है, मगर चोट जब दिल पर लगती है, दर्द बेइंतेहा होता है।”
राजनीतिक गलियारों में इस पोस्ट को राबड़ी आवास में उनके साथ हुए कथित व्यवहार से जोड़कर देखा जा रहा है। माना जा रहा है कि यह टिप्पणी उस घटना की ओर इशारा है, जिसमें उनके साथ बदसलूकी, घर से निकाले जाने और चप्पल उठाने जैसी बातों के आरोप सामने आए थे।
तेजस्वी यादव के पैर में चोट, व्हीलचेयर पर पहुंचे विधानसभा
दरअसल, राजद के कार्यकारी अध्यक्ष और नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव सोमवार को बिहार विधानसभा के बजट सत्र में व्हीलचेयर पर पहुंचे थे। उनके पैर के अंगूठे में चोट लगी थी, जिसका वीडियो भी सामने आया।
तेजस्वी यादव की चोट की खबर सामने आने के कुछ ही समय बाद रोहिणी आचार्य का यह सोशल मीडिया पोस्ट सामने आया, जिसे राजनीतिक और पारिवारिक संदर्भ में जोड़कर देखा जा रहा है।
पहले भी साध चुकी हैं तेजस्वी पर निशाना
यह पहला मौका नहीं है जब रोहिणी आचार्य ने तेजस्वी यादव पर बिना नाम लिए हमला बोला हो।
जब तेजस्वी यादव को राजद का राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष बनाया गया था, तब भी रोहिणी आचार्य ने एक लंबा पोस्ट साझा किया था।
उस पोस्ट में उन्होंने लिखा था—
“लालू जी और पार्टी के लिए किसने क्या किया, यह लोकसभा और हालिया विधानसभा चुनाव के नतीजों तथा पार्टी की मौजूदा स्थिति से साफ है। जिसे जिम्मेदारी सौंपी गई, उसने और उसके आयातित गुरु व गुर्गों ने दशकों के संघर्ष को धो-पोछकर पार्टी को बर्बादी के कगार पर खड़ा कर दिया।”
राजद के भीतर बढ़ती असहजता
रोहिणी आचार्य के लगातार बयानों और सोशल मीडिया पोस्ट से यह साफ होता जा रहा है कि लालू परिवार के भीतर मतभेद अब पूरी तरह सार्वजनिक हो चुके हैं। हालांकि, इस मुद्दे पर तेजस्वी यादव या पार्टी की ओर से कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है।
