राहुल गांधी का पटना दौरा फाइनल, 15 जुलाई को मुसल्लाहपुर हाट में छात्रों से करेंगे संवाद

राहुल गांधी का पटना दौरा अब 11 जुलाई की जगह 15 जुलाई को होने की संभावना जताई जा रही है। राहुल गांधी का पटना दौरा कांग्रेस के छात्र संपर्क अभियान और संगठनात्मक गतिविधियों के लिहाज से अहम माना जा रहा है। पार्टी सूत्रों के अनुसार इस दौरान वह पटना में एक बड़े छात्र सम्मेलन को संबोधित करेंगे। इसके अलावा राजधानी के चर्चित कोचिंग क्षेत्र मुसल्लहपुर हाट में पैदल मार्च की भी तैयारी की जा रही है। हालांकि कांग्रेस की ओर से अभी तक कार्यक्रम की आधिकारिक घोषणा नहीं की गई है। प्रदेश कांग्रेस इस आयोजन को बड़े स्तर पर सफल बनाने में जुटी हुई है। नेताओं और कार्यकर्ताओं को अलग-अलग जिम्मेदारियां सौंपी जा चुकी हैं ताकि कार्यक्रम में अधिक से अधिक छात्रों और युवाओं की भागीदारी सुनिश्चित की जा सके।
छात्र सम्मेलन पर कांग्रेस का पूरा फोकस
बिहार कांग्रेस इस कार्यक्रम को युवाओं के बीच अपनी पकड़ मजबूत करने के अवसर के रूप में देख रही है। पार्टी की रणनीति है कि बड़ी संख्या में छात्र, प्रतियोगी परीक्षा की तैयारी कर रहे अभ्यर्थी और युवा कार्यकर्ता सम्मेलन में शामिल हों। शुक्रवार को हुई अहम बैठक में कांग्रेस प्रभारी कृष्णा अल्लावारु, प्रदेश अध्यक्ष राजेश राम और अन्य वरिष्ठ नेताओं ने कार्यक्रम की तैयारियों की समीक्षा की। बैठक में स्वागत व्यवस्था, भीड़ प्रबंधन और संगठनात्मक जिम्मेदारियों को लेकर विस्तृत चर्चा हुई। सूत्रों का कहना है कि मुसल्लहपुर हाट जैसे प्रमुख कोचिंग क्षेत्र को कार्यक्रम के लिए इसलिए चुना गया है क्योंकि यहां बड़ी संख्या में प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी करने वाले छात्र रहते हैं।
मुसल्लहपुर हाट में पैदल मार्च की भी संभावना
कांग्रेस सूत्रों के अनुसार राहुल गांधी छात्र सम्मेलन के अलावा मुसल्लहपुर हाट इलाके में पैदल मार्च भी कर सकते हैं। यह इलाका बिहार के सबसे बड़े कोचिंग हब में शामिल है, जहां हजारों छात्र विभिन्न प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी करते हैं। हालांकि इस प्रस्तावित पैदल मार्च की आधिकारिक पुष्टि अभी नहीं हुई है। पार्टी अंतिम कार्यक्रम तय होने के बाद विस्तृत शेड्यूल जारी कर सकती है। राजनीतिक विश्लेषकों का मानना है कि यदि यह पैदल मार्च होता है तो इसका सीधा संदेश युवाओं और छात्रों तक पहुंचाने की कोशिश होगी।
संगठन को बूथ स्तर तक मजबूत करने की तैयारी
राहुल गांधी के प्रस्तावित दौरे के साथ-साथ बिहार कांग्रेस संगठन विस्तार अभियान पर भी तेजी से काम कर रही है। सदाकत आश्रम में आयोजित प्रदेश कांग्रेस की मासिक बैठक में मंडल और बूथ स्तर तक नई कमेटियां बनाने का निर्णय लिया गया। प्रदेश अध्यक्ष राजेश राम ने जिलाध्यक्षों को संगठन मजबूत करने के लिए अलग-अलग लक्ष्य सौंपे। समीक्षा बैठक में विभिन्न जिलों की रिपोर्ट पर चर्चा हुई और आगे की रणनीति तैयार की गई। कांग्रेस प्रभारी कृष्णा अल्लावारु ने कहा कि संगठन सृजन साथी अभियान पार्टी को जमीनी स्तर पर और अधिक मजबूत बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा। जुलाई के अंत तक जिलाध्यक्षों के प्रशिक्षण कार्यक्रम को लेकर भी सुझाव लिए गए।
विधानसभा चुनाव के बाद पहला बिहार दौरा
बिहार विधानसभा चुनाव में मिली हार के बाद राहुल गांधी का यह पहला संभावित बिहार दौरा होगा। ऐसे में इस कार्यक्रम को राजनीतिक दृष्टि से भी महत्वपूर्ण माना जा रहा है। इन दिनों राहुल गांधी देशभर में परीक्षा प्रणाली, पेपर लीक और भर्ती प्रक्रिया में देरी जैसे मुद्दों को लेकर छात्रों के बीच लगातार अभियान चला रहे हैं। इसी क्रम में पटना में प्रस्तावित छात्र सम्मेलन आयोजित किया जा रहा है। कांग्रेस की कोशिश है कि शिक्षा, रोजगार और प्रतियोगी परीक्षाओं से जुड़े मुद्दों पर युवाओं के बीच अपनी सक्रिय मौजूदगी दर्ज कराई जाए। पार्टी का मानना है कि बिहार जैसे युवा आबादी वाले राज्य में छात्र संवाद भविष्य की राजनीतिक रणनीति का अहम हिस्सा बन सकता है।
युवाओं के मुद्दों पर रहेगा फोकस
प्रस्तावित कार्यक्रम के दौरान शिक्षा व्यवस्था, प्रतियोगी परीक्षाओं में पारदर्शिता, पेपर लीक, भर्ती प्रक्रिया और रोजगार जैसे विषय प्रमुख रूप से उठाए जा सकते हैं। राजनीतिक जानकारों का मानना है कि कांग्रेस इस आयोजन के जरिए छात्रों और युवाओं के बीच अपने अभियान को मजबूत करने का प्रयास करेगी। वहीं दूसरी ओर यह कार्यक्रम आगामी राजनीतिक गतिविधियों के लिहाज से भी महत्वपूर्ण माना जा रहा है। फिलहाल पार्टी की ओर से आधिकारिक कार्यक्रम जारी होने का इंतजार है। यदि प्रस्तावित तिथि में बदलाव नहीं होता है तो 15 जुलाई को पटना में कांग्रेस का बड़ा छात्र सम्मेलन देखने को मिल सकता है।