Bihar Police Recruitment 2026: बिहार पुलिस में 15,821 पदों पर भर्ती, पूर्व सैनिकों को बड़ा मौका


 

बिहार पुलिस भर्ती 2026 को लेकर बड़ी घोषणा की गई है। बिहार पुलिस भर्ती के तहत विशेष सहायक पुलिस (SAP) के 15,821 पदों पर संविदा आधारित बहाली की प्रक्रिया एक जून से शुरू होगी। इस बार भर्ती प्रक्रिया में पूर्व सैनिकों के साथ केंद्रीय सशस्त्र पुलिस बलों से सेवानिवृत्त जवानों को भी शामिल किया गया है। बिहार पुलिस मुख्यालय ने भर्ती अभियान को लेकर दानापुर कैंट स्थित सेना रोजगार कल्याण संगठन को नोडल इकाई बनाया है।

भर्ती रैली एक जून से छह जून तक प्रमंडलवार आयोजित होगी। इसमें राज्य के अलग-अलग हिस्सों से सेवानिवृत्त सैन्य और अर्द्धसैनिक बलों के जवान भाग ले सकेंगे। रैली सुबह 6:30 बजे से शाम 4 बजे तक चलेगी।

कौन कर सकता है आवेदन?

बिहार पुलिस मुख्यालय द्वारा जारी विज्ञापन के अनुसार अभ्यर्थी का बिहार का स्थायी निवासी होना अनिवार्य है। आवेदन के समय संबंधित अंचलाधिकारी द्वारा जारी आवासीय प्रमाण पत्र प्रस्तुत करना होगा।

इस भर्ती में राज्य सरकार के आरक्षण नियम लागू होंगे। खास बात यह है कि चयन प्रक्रिया में शारीरिक परीक्षा नहीं होगी, लेकिन मेडिकल जांच अनिवार्य रहेगी।

इसके अलावा उम्मीदवारों को आधुनिक हथियारों के संचालन का ज्ञान होना जरूरी है। आपदा प्रबंधन, बम डिटेक्शन, ड्राइविंग, तैराकी, गोताखोरी और मोटरबोट संचालन का अनुभव रखने वाले उम्मीदवारों को प्राथमिकता मिलेगी।

प्रमंडलवार भर्ती रैली का पूरा शेड्यूल

भर्ती रैली दानापुर कैंट में आयोजित होगी। प्रमंडल के अनुसार तारीखें तय की गई हैं:

  • पूर्णिया, भागलपुर और दरभंगा: 1 जून
  • कोसी, मुंगेर और सारण: 2 जून
  • तिरहुत प्रमंडल: 3 जून
  • मगध प्रमंडल: 4 जून
  • पटना प्रमंडल (पटना और नालंदा): 5 जून
  • पटना प्रमंडल (भोजपुर, भभुआ, रोहतास और बक्सर): 6 जून

पुलिस मुख्यालय ने यह भी स्पष्ट किया है कि हर महीने के पहले सप्ताह में वॉक-इन इंटरव्यू भी आयोजित किए जाएंगे।

कितने पदों पर होगी बहाली?

इस भर्ती अभियान के तहत कुल 15,821 पदों पर नियुक्ति की जाएगी। इनमें अलग-अलग श्रेणियों के पद शामिल हैं:

  • जेसीओ पद: 148
  • SAP जवान: 15,135
  • रसोइया: 538

यह भर्ती एक वर्ष के अनुबंध पर होगी। आवश्यकता पड़ने पर अनुबंध अवधि बढ़ाई जा सकती है।

कितनी मिलेगी सैलरी?

भर्ती के तहत चयनित उम्मीदवारों को आकर्षक मानदेय दिया जाएगा:

  • जेसीओ: 35,000 रुपये प्रतिमाह
  • SAP जवान: 30,000 रुपये प्रतिमाह
  • रसोइया: 25,000 रुपये प्रतिमाह

इसके अलावा चयनित जवानों को बिहार पुलिस के नियमित कर्मियों की तरह वर्दी, यात्रा भत्ता और अन्य सुविधाएं भी मिलेंगी।

किन विभागों में होगी तैनाती?

चयनित SAP जवानों की तैनाती केवल पुलिस विभाग तक सीमित नहीं रहेगी। उन्हें परिवहन, उत्पाद और खनन विभाग में भी प्रतिनियुक्त किया जा सकता है।

पुलिस मुख्यालय के अनुसार जरूरत के हिसाब से जवानों का एक जिले से दूसरे जिले में ट्रांसफर भी किया जाएगा। गृह जिले में पोस्टिंग नहीं दी जाएगी। चयन के बाद जवान संबंधित जिले के एसपी के नियंत्रण में काम करेंगे।

आरक्षण के अनुसार पदों का बंटवारा

भर्ती में आरक्षण व्यवस्था के तहत पदों का वितरण किया गया है:

  • अनारक्षित वर्ग: 6417
  • अत्यंत पिछड़ा वर्ग: 2936
  • अनुसूचित जाति: 2688
  • पिछड़ा वर्ग: 1525
  • पिछड़ा वर्ग महिला: 510
  • अनुसूचित जनजाति: 163
  • आर्थिक रूप से कमजोर वर्ग (EWS): 1582

भर्ती से जुड़े जरूरी संपर्क नंबर

भर्ती प्रक्रिया से संबंधित जानकारी के लिए उम्मीदवार इन नंबरों पर संपर्क कर सकते हैं:

  • एसपी, एसटीएफ: 0612-2294172
  • क्षेत्रीय कार्यालय, दानापुर कैंट: 06115-222251
    (सुबह 6 बजे से दोपहर 2 बजे तक)

बिहार सरकार की यह भर्ती योजना राज्य में सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने के साथ-साथ पूर्व सैनिकों और अर्द्धसैनिक बलों के अनुभवी जवानों को रोजगार का नया अवसर देने की दिशा में अहम कदम मानी जा रही है।

और नया पुराने
हमसे जुड़ें
1

बड़ी खबर सबसे पहले पाएं!

देश, बिहार और नौकरी से जुड़ी हर बड़ी अपडेट सबसे पहले पाने के लिए हमारे WhatsApp Channel से जुड़ें।

👉 अभी WhatsApp चैनल जॉइन करें
होम क्विज वीडियो नोट्स NCERT