पटना।
बिहार विधानसभा चुनाव में अपेक्षित सफलता न मिलने के बाद जनसुराज पार्टी के सूत्रधार प्रशांत किशोर एक बार फिर राज्य में यात्रा की शुरुआत करने जा रहे हैं। उनकी इस नई राजनीतिक पहल से पहले ही सत्ताधारी दल जनता दल यूनाइटेड (जदयू) ने उन पर तंज कसते हुए बड़ा बयान दिया है।
जदयू के राष्ट्रीय प्रवक्ता राजीव रंजन ने कहा है कि मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने बिहार की राजनीति में इतनी लंबी लकीर खींच दी है कि प्रशांत किशोर जैसे नेता उनका विकल्प नहीं बन सकते।
जदयू बोली – चुनाव में शोर मचाया, नतीजा रहा शून्य
राजीव रंजन ने कहा कि प्रशांत किशोर के पास अभी काफी समय है, लेकिन पिछली बार चुनाव के दौरान उन्होंने खूब प्रचार किया, इसके बावजूद उनकी पार्टी को एक भी सीट नहीं मिल सकी। उन्होंने कहा कि आगे भी वे कोशिश करते रहेंगे, लेकिन जनता का भरोसा जीतना आसान नहीं है।
तेजस्वी यादव पर भी साधा निशाना
जदयू प्रवक्ता ने नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव की हालिया टिप्पणियों पर भी प्रतिक्रिया दी। उन्होंने कहा कि लालू प्रसाद यादव का नाम कई घोटालों से जुड़ा रहा है। अगर घोटालेबाज होना ही बड़े नेता की पहचान है, तो यह अलग बात है, लेकिन जनता के दुख-दर्द और समस्याओं को समझने वाले नेता आज भी नीतीश कुमार ही हैं।
उनका कहना था कि नीतीश कुमार ने बिहार को विकास की दिशा में आगे बढ़ाया है और राज्य को “विकसित बिहार” बनाने की ठोस नींव रखी है।
“तेजस्वी के पास था मौका, लेकिन चूक गए”
राजीव रंजन ने कहा कि पिछली बार जब राजद सबसे बड़ी पार्टी बनी थी, तब तेजस्वी यादव के पास बड़ा अवसर था। अगर वे विनम्रता दिखाते, अहंकार छोड़कर पार्टी नेताओं और कार्यकर्ताओं के साथ भरोसा कायम करते, तो स्थिति अलग हो सकती थी।
उन्होंने दावा किया कि तेजस्वी यादव ऐसा करने में असफल रहे, जिसके कारण आज उनकी पार्टी सीमित सीटों तक सिमट गई है। राजद के भीतर अंदरूनी असंतोष और पारिवारिक मतभेद भी पार्टी की कमजोरी बन रहे हैं।
नितिन नवीन के भाजपा अध्यक्ष बनने पर जदयू की प्रतिक्रिया
भाजपा नेता नितिन नवीन के राष्ट्रीय अध्यक्ष बनने को लेकर भी जदयू प्रवक्ता ने बयान दिया। उन्होंने इसे बिहार के लिए गर्व का क्षण बताया।
राजीव रंजन ने कहा कि भाजपा की स्थापना के 45 साल पूरे होने जा रहे हैं और पहली बार बिहार से कोई नेता दुनिया की सबसे बड़ी पार्टी का अध्यक्ष बना है, जिससे राज्य को राजनीतिक लाभ मिलेगा।
उनके अनुसार, इसका फायदा न सिर्फ भाजपा को बल्कि पूरे एनडीए को बिहार में मिलेगा।
भारत-अमेरिका व्यापार समझौते को बताया फायदेमंद
भारत और अमेरिका के बीच हुए व्यापार समझौते पर प्रतिक्रिया देते हुए जदयू प्रवक्ता ने कहा कि यह डील भारत के लिए बेहद लाभकारी साबित होगी।
उन्होंने बताया कि पिछले वित्तीय वर्ष में भारत-अमेरिका व्यापार करीब 86 अरब डॉलर तक पहुंचा है।
राजीव रंजन के अनुसार, इस समझौते के तहत लगभग 46 अरब डॉलर के सामान पर शून्य टैरिफ लागू होगा, जबकि शेष सामग्री पर सीमित शुल्क रहेगा, जो भारत के हित में है।
