बांका: बिहार में शराबबंदी के बावजूद तस्कर नए-नए हथकंडे अपना रहे हैं, लेकिन बांका पुलिस की सतर्कता के आगे उनके मंसूबे कामयाब नहीं हो सके। जिले के धौनी बाजार के पास रजौन पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए भूसा लदे 12 चक्का ट्रक से भारी मात्रा में अंग्रेजी शराब बरामद की है। पुलिस ने मौके से ट्रक चालक को गिरफ्तार कर लिया है।
बरामद शराब की कुल मात्रा 8,179 लीटर बताई जा रही है, जिसकी अनुमानित बाजार कीमत करीब एक करोड़ रुपये है।
एसपी के निर्देश पर हुई बड़ी कार्रवाई
यह कार्रवाई पुलिस अधीक्षक उपेंद्रनाथ वर्मा के निर्देश पर अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी इंद्रजीत बैठा के नेतृत्व में गठित विशेष टीम द्वारा की गई। पुलिस ने शराब तस्करी के इस बड़े नेटवर्क पर करारा प्रहार किया है।
गुप्त सूचना के आधार पर बिछाया गया जाल
पुलिस को शनिवार को गुप्त सूचना मिली थी कि झारखंड से शराब की एक बड़ी खेप बिहार के रास्ते समस्तीपुर ले जाई जा रही है, जो भागलपुर की ओर बढ़ रही है। सूचना मिलते ही रजौन थानाध्यक्ष चंद्रदीप कुमार के नेतृत्व में विशेष टीम का गठन किया गया।
टीम में अपर थानाध्यक्ष रवि कुमार, एसआई संजय कुमार सिंह, विनोद कुमार, पवन कुमार सहित सशस्त्र पुलिस बल के जवान शामिल थे।
पुलिस को देखकर भागा ट्रक चालक
पुलिस टीम ने धौनी बाजार के पास घेराबंदी कर वाहन जांच अभियान शुरू किया। इसी दौरान पुनसिया की ओर से आ रहे एक संदिग्ध 12 चक्का ट्रक को रोकने का इशारा किया गया, लेकिन पुलिस को देखते ही चालक ट्रक को तेज रफ्तार में भगाने लगा।
पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए ट्रक का पीछा किया और कुछ दूरी पर उसे पकड़ लिया।
भूसे के नीचे छुपाकर रखी थी शराब
मौके से ट्रक चालक को गिरफ्तार किया गया। उसकी पहचान समस्तीपुर जिले के सराय रंजन थाना क्षेत्र के मनिका गांव निवासी विजय कुमार महतो के रूप में हुई है। पूछताछ में चालक ने कबूल किया कि ट्रक में भूसे के अंदर शराब छुपाकर ले जाई जा रही थी।
इसके बाद जब ट्रक की गहन तलाशी ली गई तो भूसे के नीचे छुपाकर रखी गई भारी मात्रा में अंग्रेजी शराब बरामद हुई। तलाशी के दौरान एक एंड्रॉयड मोबाइल फोन भी जब्त किया गया।
प्रेस कॉन्फ्रेंस में एसपी ने दी जानकारी
शनिवार की संध्या रजौन थाना परिसर में आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस में पुलिस अधीक्षक उपेंद्रनाथ वर्मा ने पूरे मामले की जानकारी दी। उन्होंने कहा कि शराब तस्करी में शामिल अन्य लोगों की पहचान की जा रही है और जल्द ही आगे की कार्रवाई की जाएगी।
