बक्सर में बड़े भाई ने छोटे भाई को गोली मारकर उतारा मौत के घाट, फरार
📌 पटना और बिहार के सभी ज़िलों की ताज़ा ख़बरें सीधे अपने मोबाइल पर पाएं!
👉 WhatsApp से जुड़ें
बिहार के बक्सर जिले के सोनवर्षा थाना क्षेत्र स्थित मणियां गांव में मंगलवार सुबह पारिवारिक विवाद ने खूनी रूप ले लिया। कहासुनी के दौरान बड़े भाई चंदन शर्मा ने कथित तौर पर अपने छोटे भाई अमित शर्मा (33) को गोली मार दी। जबड़े के नीचे गोली लगने से अमित की घटनास्थल पर ही मौत हो गई। वारदात के बाद आरोपी फरार हो गया।
पारिवारिक विवाद के बाद छोटे भाई को मारी गोली
मृतक की पहचान मणियां गांव निवासी अमित शर्मा के रूप में हुई है। वह कन्हैया शर्मा के पुत्र थे। मिली जानकारी के अनुसार, मंगलवार सुबह अमित और उनके बड़े भाई चंदन शर्मा के बीच किसी बात को लेकर विवाद शुरू हुआ था।
देखते ही देखते दोनों भाइयों के बीच कहासुनी बढ़ गई। आरोप है कि इसी दौरान चंदन ने देसी कट्टा निकालकर अमित के जबड़े के नीचे गोली चला दी। गोली लगते ही अमित जमीन पर गिर पड़े और उनकी मौके पर ही मौत हो गई।
घटना के बाद गांव में अफरा-तफरी मच गई। परिवार के सदस्यों का रो-रोकर बुरा हाल है।
हथियार झोपड़ी पर फेंककर फरार हुआ आरोपी
गोली मारने के बाद आरोपी चंदन शर्मा मौके से फरार हो गया। पुलिस को मिली जानकारी के मुताबिक, वह वारदात में इस्तेमाल देसी कट्टे को एक झोपड़ी के ऊपर फेंककर भाग निकला।
घटना की सूचना मिलने पर सोनवर्षा थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण किया और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजने की प्रक्रिया शुरू की।
डुमरांव के एसडीपीओ भास्कर रंजन ने बताया कि शुरुआती जानकारी के अनुसार, हत्या की वजह आपसी और पारिवारिक विवाद है। आरोपी की गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीम गठित कर छापेमारी की जा रही है।
पुणे में साथ करते थे सेंट्रिंग का काम
जानकारी के मुताबिक, अमित और चंदन दोनों पुणे में सेंट्रिंग की ठेकेदारी करते थे। रोजी-रोटी के लिए दोनों साथ काम करते थे, लेकिन गांव में किस बात को लेकर विवाद हुआ और मामला गोलीबारी तक कैसे पहुंचा, इसकी पूरी जानकारी अभी सामने नहीं आई है।
पुलिस पारिवारिक विवाद के कारणों की भी जांच कर रही है। साथ ही घटनास्थल से मिले साक्ष्यों और वारदात में इस्तेमाल हथियार की पड़ताल की जा रही है।
आरोपी की गिरफ्तारी के लिए पुलिस की छापेमारी
एसडीपीओ भास्कर रंजन के अनुसार, पुलिस मामले की जांच कर रही है और फरार आरोपी को पकड़ने के लिए कार्रवाई जारी है। फिलहाल हत्या के पीछे की वास्तविक वजह स्पष्ट नहीं हुई है।
एक ही परिवार के दो भाइयों के बीच हुई इस घटना से मणियां गांव में शोक और सदमे का माहौल है।
