RJD Candidate Rekha Gupta Property: राइफल, आधा किलो सोना और करोड़ों की संपत्ति, हलफनामे में हुआ बड़ा खुलासा


 बांकीपुर उपचुनाव को लेकर बिहार की राजनीति लगातार गर्म होती जा रही है। बांकीपुर उपचुनाव के लिए नामांकन के साथ उम्मीदवारों की ओर से दाखिल हलफनामे भी चर्चा का विषय बने हुए हैं। राष्ट्रीय जनता दल (RJD) की उम्मीदवार रेखा गुप्ता ने अपने चुनावी हलफनामे में चल और अचल संपत्ति, बैंक लोन, गहनों, हथियार और अपने खिलाफ दर्ज मामलों की जानकारी सार्वजनिक की है। वहीं, भारतीय जनता पार्टी (BJP) के उम्मीदवार अभिषेक कुमार ने भी नामांकन दाखिल किया है। अब इस सीट पर मुकाबला और दिलचस्प होता नजर आ रहा है।

रेखा गुप्ता ने हलफनामे में क्या-क्या बताया?

रेखा गुप्ता के चुनावी हलफनामे के अनुसार उनके पास करीब 81.61 लाख रुपये की चल संपत्ति है। इसमें लगभग 80 हजार रुपये नकद भी शामिल हैं। उन्होंने बताया कि उनके पास 500 ग्राम सोना, जिसकी अनुमानित कीमत 67.32 लाख रुपये है। इसके अलावा डेढ़ किलोग्राम चांदी, जिसकी कीमत करीब 3.67 लाख रुपये आंकी गई है। हलफनामे में 90 हजार रुपये कीमत की एनपी बोर राइफल का भी उल्लेख किया गया है।

5.46 करोड़ रुपये की अचल संपत्ति और करोड़ों का बैंक लोन

हलफनामे के अनुसार रेखा गुप्ता के नाम कंकड़बाग में व्यावसायिक भवन, बाकरगंज के दलदली रोड में आवासीय मकान और बिहटा में अचल संपत्तियां दर्ज हैं। इन सभी की कुल अनुमानित कीमत करीब 5.46 करोड़ रुपये बताई गई है। दूसरी ओर, उन्होंने अपने ऊपर 2.79 करोड़ रुपये के बैंक लोन की भी जानकारी दी है। चुनावी नियमों के तहत उम्मीदवारों को अपनी संपत्ति और देनदारियों का पूरा विवरण देना अनिवार्य होता है।

पति की संपत्ति और हथियार की भी दी जानकारी

रेखा गुप्ता ने अपने पति रंजय कुमार की संपत्ति का विवरण भी हलफनामे में शामिल किया है। हलफनामे के अनुसार उनके पति के पास 1.20 लाख रुपये नकद, लगभग 53.82 लाख रुपये की चल संपत्ति और 1.19 करोड़ रुपये की अचल संपत्ति है। उनके पास 100 ग्राम सोने के आभूषण, अन्य कीमती स्टोन तथा रिवॉल्वर भी दर्ज है। इसके अलावा उनके पति पर 46.68 लाख रुपये का कर्ज भी बताया गया है।

आपराधिक मामलों का भी किया खुलासा

रेखा गुप्ता ने अपने हलफनामे में यह भी उल्लेख किया है कि उनके खिलाफ कोतवाली थाना में आपराधिक मामले दर्ज हैं। शैक्षणिक योग्यता के रूप में उन्होंने स्वयं को विनोबा भावे विश्वविद्यालय, हजारीबाग से स्नातक बताया है। चुनाव आयोग के नियमों के अनुसार उम्मीदवारों के लिए आपराधिक मामलों, शिक्षा, संपत्ति और देनदारियों की जानकारी सार्वजनिक करना आवश्यक होता है।

बांकीपुर उपचुनाव में त्रिकोणीय मुकाबले के संकेत

इस बार बांकीपुर उपचुनाव में मुकाबला काफी रोचक माना जा रहा है। फिलहाल मुख्य लड़ाई बीजेपी और आरजेडी के बीच दिखाई दे रही है, लेकिन जन सुराज के संस्थापक प्रशांत किशोर के चुनाव मैदान में उतरने की संभावना ने राजनीतिक समीकरण बदल दिए हैं। प्रशांत किशोर के 11 जुलाई को नामांकन दाखिल करने की चर्चा है। ऐसे में चुनावी मुकाबला त्रिकोणीय होने की संभावना जताई जा रही है। हालांकि, एनडीए की ओर से पहले ही यह कहा जा चुका है कि उनकी सीधी टक्कर आरजेडी से मानी जा रही है। राज्य सरकार में मंत्री अशोक चौधरी भी सार्वजनिक रूप से यही बयान दे चुके हैं कि मुकाबला मुख्य रूप से बीजेपी और आरजेडी के बीच रहेगा।

नामांकन के बाद रेखा गुप्ता का बड़ा दावा

नामांकन दाखिल करने के बाद रेखा गुप्ता ने चुनावी जीत को लेकर भरोसा जताया। उन्होंने दावा किया कि इस बार 40 वर्षों का रिकॉर्ड टूटेगा और बांकीपुर में नया राजनीतिक इतिहास लिखा जाएगा। उन्होंने मतदाताओं से समर्थन की अपील करते हुए कहा कि यदि जनता उन्हें एक अवसर देती है तो वह उनकी उम्मीदों पर खरा उतरने का प्रयास करेंगी। चुनावी चुनौती के सवाल पर उन्होंने कहा कि जनता ही सबसे बड़ी चुनौती और सबसे बड़ा फैसला करने वाली ताकत है।

30 जुलाई को होगी वोटिंग

बांकीपुर विधानसभा उपचुनाव के लिए 30 जुलाई को मतदान होगा। नामांकन प्रक्रिया के बाद अब सभी प्रमुख दल चुनाव प्रचार को तेज करने की तैयारी में जुट गए हैं। उम्मीदवारों के हलफनामों से सामने आई संपत्ति, देनदारियों और अन्य जानकारियां भी चुनावी चर्चा का अहम हिस्सा बन चुकी हैं। अब सभी की नजर इस बात पर रहेगी कि चुनाव प्रचार के दौरान कौन-सा मुद्दा मतदाताओं को सबसे अधिक प्रभावित करता है और आखिरकार बांकीपुर की जनता किस उम्मीदवार पर भरोसा जताती है।

Next Post Previous Post
हमसे जुड़ें
1