पटना: पूर्णिया से निर्दलीय सांसद पप्पू यादव की तबीयत गिरफ्तारी के बाद बिगड़ गई है। शुक्रवार देर रात पटना पुलिस द्वारा गिरफ्तारी के दौरान उनके उत्तरी मंदिरी स्थित आवास पर करीब ढाई घंटे तक हाई-वोल्टेज ड्रामा चला। तबीयत खराब होने के बाद पप्पू यादव को इलाज के लिए पहले IGIMS ले जाया गया, लेकिन वहां बेड उपलब्ध नहीं होने के कारण उन्हें PMCH शिफ्ट किया गया। इस दौरान पटना पुलिस की टीम उनके साथ मौजूद रही।
फेसबुक पोस्ट से उठे सवाल, स्वास्थ्य व्यवस्था पर निशाना
सांसद पप्पू यादव के आधिकारिक फेसबुक अकाउंट से एक वीडियो साझा किया गया, जिसमें उन्हें स्ट्रेचर पर IGIMS ले जाते हुए दिखाया गया है। वीडियो के साथ सांसद के निजी सचिव ने लिखा—
“इलाज के लिए पटना पुलिस ने माननीय सांसद जी को स्ट्रेचर पर रखा। IGIMS में पटना पुलिस उन्हें बेड तक नहीं दिला सकी। ये बिहार की स्वास्थ्य व्यवस्था है।”
‘जान से मारने की साजिश’ का लगाया आरोप
इसके बाद सांसद के फेसबुक अकाउंट से एक और पोस्ट शेयर की गई, जिसमें निजी सचिव ने गंभीर आरोप लगाए। पोस्ट में लिखा गया—
“रात भर IGIMS में स्ट्रेचर पर रखने के बाद पटना पुलिस सांसद पप्पू यादव जी को PMCH ले जा रही है। नीट बेटी की लड़ाई लड़ने के कारण सत्ता और प्रशासन उनके खिलाफ साजिश कर रहे हैं और उन्हें मारने की साजिश रच चुके हैं।”
इस पोस्ट के जरिए सरकार और पुलिस पर सीधे तौर पर गंभीर आरोप लगाए गए हैं।
गिरफ्तारी के वक्त ही जताई थी बीमारी की बात
बताया जा रहा है कि शुक्रवार रात जब पटना पुलिस 31 साल पुराने मामले में पप्पू यादव को गिरफ्तार करने पहुंची थी, उसी दौरान उन्होंने खुद को अस्वस्थ बताते हुए गिरफ्तारी का विरोध किया था। पुलिस टीम के सामने वे दवा खाते हुए भी नजर आए। वहीं, उनके अधिवक्ता शिवनंदन भारती ने भी पुलिस कार्रवाई पर सवाल खड़े किए हैं।
आज कोर्ट में हो सकती है पेशी
सूत्रों के मुताबिक, पप्पू यादव को आज कोर्ट में पेश किया जा सकता है, हालांकि पेशी के समय को लेकर अभी आधिकारिक जानकारी सामने नहीं आई है। कोर्ट में सुनवाई के बाद उन्हें न्यायिक हिरासत में जेल भेजे जाने की संभावना है। फिलहाल, सांसद PMCH में भर्ती हैं और उनकी तबीयत पर नजर रखी जा रही है।
अब देखना होगा कि कोर्ट की सुनवाई और मेडिकल रिपोर्ट के बाद इस मामले में आगे क्या फैसला आता है।
