चारा घोटाले के आरोपियों के घर बनेंगे स्कूल; क्राइम पर सम्राट चौधरी सख्त
बिहार के उपमुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने कहा है कि 60 फीसदी अपराध जेल से हो रहे हैं। वे शनिवार को दीघा विधानसभा कार्यालय परिसर में आयोजित अभिनंदन दीघा कार्यकर्ता सम्मान समारोह के बाद पत्रकारों से बात कर रहे थे। उपमुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार अपराध पर प्रभावी रोक लगाने के लिए संकल्पित है और इस दिशा में तेजी से काम हो रहे हैं। हम सारे माफिया को जेल भेजेंगे। कोई माफिया जेल के बाहर नहीं होगा। कोई कितना भी ताकतवर क्यों न हो, अपराध करके बच नहीं सकता। अपराधियों में कानून व्यवस्था का डर होना चाहिए।
आम लोग शीघ्र परिणाम देखेंगे। चौधरी ने कहा कि चारा घोटाले के अभियुक्तों के घर जब्त किए जाएंगे। सरकार उनके घरों में स्कूल खोलेगी। बिहार में एक डीजीपी के मामले में ऐसा किया जा चुका है। उनका घर जब्त कर उसमें स्कूल खोला जा चुका है। अब यही काम चारा घोटाले के अभियुक्तों के घरों में भी किया जाएगा। वहां स्कूल खुलेंगे, जिसमें गरीबों के बच्चे पढ़ेंगे।
इससे पहले कार्यक्रम का उद्घाटन करते हुए उपमुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने कहा है कि राज्य सरकार अगले पांच साल सुशासन व कानून के राज के साथ रोजगार पर फोकस करेगी। इसके तहत ही पहली कैबिनेट में ही 25 चीनी मिलों को खोलने का फैसला लिया गया है। उपमुख्यमंत्री शनिवार को दीघा विधानसभा कार्यालय परिसर में आयोजित अभिनंदन दीघा कार्यकर्ता सम्मान समारोह में बतौर मुख्य अतिथि बोल रहे थे।
चौधरी ने कहा कि विकसित बिहार का सपना तब साकार होगा जब रोजगार के लिए बाहर गए नौजवानों की घर वापसी होगी। राजीव नगर, नेपाली नगर और दीघा की 1024.52 एकड़ भूमि का न्यायपूर्ण समाधान आखिरी चरण में है। प्रदेश भाजपा अध्यक्ष व उद्योग मंत्री दिलीप जायसवाल ने कहा कि सुशासन के साथ उद्योग को भी तरजीह दी जाएगी। हर जिले में कल-कारखाने लगे, इसके लिए सरकार प्रतिबद्ध है। पथ निर्माण मंत्री नितिन नवीन ने कहा कि चुनाव में भाजपा के प्रत्याशी विपक्ष से नहीं, आपस में ही प्रतिस्पर्धा करते हैं।
कृषि मंत्री रामकृपाल यादव ने किसानों को राज्य की अर्थव्यवस्था की रीढ़ कहा। सांसद रवि शंकर प्रसाद ने वोट चोरी के विपक्ष के आरोपों को जनता का अपमान बताया। आयोजक डॉ. संजीव चौरसिया ने दीघा विजय को अर्थतंत्र पर लोकतंत्र की जीत कहा। कार्यक्रम को पूर्व राज्यपाल गंगा प्रसाद, लोक स्वास्थ्य अभियंत्रण मंत्री संजय कुमार सिंह, पूर्व विधानसभा अध्यक्ष नंद किशोर यादव, सांसद विवेक ठाकुर, विधायक संजय गुप्ता व रत्नेश कुशवाहा, पूर्व विधायक अरुण कुमार सिन्हा, उप महापौर रश्मि चंद्रवंशी ने भी संबोधित किया।
समारोह में भाजपा के राष्ट्रीय मंत्री ऋतुराज सिन्हा, पटना महानगर जिलाध्यक्ष रूप नारायण मेहता, घटक दलों के जिलाध्यक्षों के अलावा सभी मंडल अध्यक्ष, महामंत्री, मंडल प्रभारी और कार्यकर्ता और समर्थक उपस्थित थे। सभी मंडल अध्यक्षों को मंच पर उपमुख्यमंत्री, सांसद और अन्य मंत्रियों ने शॉल ओढ़ाकर सम्मानित किया।
source - hindustan
