स्कूल की छुट्टी होने से पहले राष्ट्रगान अनिवार्य, बिहार शिक्षा विभाग ने जारी किया नया टाइम टेबल

बिहार में प्राइमरी से लेकर प्लस टू तक के सभी सरकारी स्कूल अब मॉडल टाइम-टेबल से चलेंगे। यह टाइम-टेबल सभी संस्कृत स्कूलों एवं मदरसों पर भी लागू होगा। इसके तहत स्कूल की छुट्टी होने से पहले राष्ट्रगान अनिवार्य होगा। सभी स्कूल पूर्वाह्न 9.30 से अपराह्न 4 बजे तक चलेंगे। सुबह 9.30 से 10 बजे तक प्रार्थना होगी। प्रार्थना के साथ बिहार गीत भी गाए जाएंगे। प्रार्थना में सभी शिक्षक-कर्मचारियों की उपस्थिति रहेगी। इसके बाद 10 से 4 बजे तक आठ घंटी पढ़ाई होगी। राष्ट्रगान के बाद छुट्टी होगी।
माध्यमिक शिक्षा निदेशक सज्जन आर. के हस्ताक्षर से टाइम-टेबल जारी हुआ है। सुबह 10 से 10.40 तक पहली घंटी, 10.40 से 11.20 तक दूसरी घंटी एवं 11.20 से दोपहर 12 बजे तक तीसरी घंटी चलेगी। 12 से 12.40 बजे तक लंच टाइम रहेगा। 12.40 से 1.20 तक चौथी घंटी, 1.20 से दो बजे तक पांचवीं घंटी, दो बजे से 2.40 तक छठी घंटी, 2.40 से 3.20 तक सातवीं घंटी एवं 3.20 से चार बजे तक आठवीं घंटी चलेगी। फिर शाम 4 बजे छुट्टी कर दी जाएगी।
राष्ट्रगान में लाउडस्पीकर का प्रयोग अनिवार्य होगा
राज्य के सभी सरकारी स्कूलों में मॉडल टाइम-टेबल लागू करने के साथ कई अहम प्रावधान किए गए हैं। सुबह 9.30 से 10 बजे तक होने वाली असेंबली-प्रार्थना में सबसे पहले शिक्षकों द्वारा बच्चों के गेटअप, पोशाक, बाल और नाखून की जांच की जाएगी। इसके बाद ही प्रार्थना होगी। बिहार गीत होंगे। फिर, सामान्य ज्ञान, समाचार वाचन एवं अन्य परिचर्चा कराई जाएगी।
आठ पीरियड की पढ़ाई के बाद छुट्टी होगी। लेकिन, छुट्टी से पहले होने वाले राष्ट्रगान में लाउडस्पीकर का प्रयोग अनिवार्य होगा। प्रत्येक गतिविधि के लिए अलग-अलग वर्ग के लिए अलग-अलग समयांतराल निर्धारित होगा। सभी वर्गों के लिए एक ही तरह की गतिविधि-खेलकूद नहीं होगा।
Source - livehindustan