पीएम मोदी के नेतृत्व में विकास के विजन के साथ लड़े, महाराष्ट्र निकाय चुनाव में बड़ी जीत पर फडणवीस
महाराष्ट्र निकाय चुनाव में भाजपा को बड़ी जीत मिली है। बीएमसी समेत कई नगर निगम में भाजपा ने परचम लहराया है। बीएमसी में पहली बार भाजपा का मेयर बनने जा रहा है। इस जीत पर महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने राज्य की जनता का धन्यवाद किया। उन्होंने कहा कि इन चुनावों के बाद भाजपा और महायुति के 25 मेयर बनने जा रहे हैं।
देवेंद्र फडणवीस ने कहा, "हमने ये चुनाव पीएम मोदी के नेतृत्व में विकास के विजन के साथ लड़े, इसीलिए हमें इन चुनावों में रिकॉर्ड तोड़ जनादेश मिला। इन नतीजों से यह साफ हो गया है कि महाराष्ट्र पीएम मोदी पर बहुत भरोसा करता है।" उन्होंने कहा कि हर शहर को बदलकर वहां रहने वाला जो गरीब और मिडिल क्लास व्यक्ति है, उसके जीवन में बदलाव लाने की हमारी कोशिश रहेगी।
उन्होंने आगे कहा कि भाजपा हिंदुत्व है और उसे लेकर हमें अभिमान भी है। हिंदुत्व और विकास को अलग नहीं कर सकते हैं। इसी की वजह से हम जनता तक पहुंचे हैं। हम व्यापक हिंदुत्व की व्याख्या करते हैं। यह व्यापक जनसमर्थन हमें मिला है। कार्यकर्ताओं को संदेश है कि जब इतना बड़ा समर्थन मिलता है तो हमें जिम्मेदारी का ख्याल रखना पड़ता है। हमें ख्याल रखना पड़ेगा। किसी भी तरह से उन्माद दिखाने की जरूरत नहीं है। महाराष्ट्र की जनता ने काम करने के लिए आपको समय दिया है।
इससे पहले, फडणवीस ने राज्य बीजेपी प्रमुख रवींद्र चव्हाण को फोन करके बधाई दी। सीएम फडणवीस ने मुंबई बीजेपी अध्यक्ष अमित सातम को भी फोन किया और बृहन्मुंबई नगर निगम चुनावों में बीजेपी-शिवसेना की जीत पर उन्हें बधाई दी। शाम 6 बजे के लेटेस्ट रुझानों के अनुसार, बीएमसी चुनावों में 227 वॉर्ड में से बीजेपी-शिवसेना का भगवा गठबंधन 130 वॉर्ड पर आगे चल रहा था। वहीं ठाकरे भाई 71 वॉर्ड के साथ पीछे रह गए।
बीजेपी भारत की सबसे अमीर नगर पालिका में 93 वॉर्ड के साथ सबसे बड़ी पार्टी बनकर उभर रही है, जबकि उसकी गठबंधन सहयोगी शिवसेना को 27 वॉर्ड पर जीत मिली हैं। शिवसेना (UBT) 62 पर आगे थी, जबकि MNS 9 पर आगे थी। कांग्रेस 14 पर आगे थी, जबकि NCP (SP) एक पर आगे थी। बीजेपी-शिवसेना ने पुणे और पिंपरी-चिंचवड़ में शरद पवार और अजीत पवार की चाचा-भतीजे की जोड़ी को पीछे छोड़ दिया है। पुणे में, बीजेपी कुल 162 वॉर्ड में से 90 वॉर्ड पर आगे थी, शिवसेना दो वॉर्ड पर आगे थी, और महायुति बहुमत के आंकड़े से काफी ऊपर थी। एनसीपी 20 वॉर्ड पर आगे थी, जबकि NCP (SP) पुणे में अपना खाता खोलने के लिए संघर्ष कर रही थी। पिंपरी-चिंचवड़ में, बीजेपी-शिवसेना गठबंधन 90 सीटों पर है, जबकि एनसीपी 37 सीटों पर आगे है।
